" राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर का हुआ शुभारंभ "
दिनांक: 19-11-2026
संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरूद की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई क्रमांक-02 द्वारा प्राचार्य डॉ. राजकुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी सुश्री रेणु पाटले के नेतृत्व में ग्राम पंचायत चोरभट्टी में सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय परिसर से प्राचार्य डॉ. राजकुमार पाण्डेय एवं जे.बी.एस. सदस्य श्री भोजराज चंद्राकर ने हरी झंडी दिखाकर शिविरार्थियों को शुभकामनाओं के साथ शिविर स्थल के लिए रवाना किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्री एम.एस. साहू, श्रीमती सरस्वती धृतलहरे, श्री हरिराम साहू, श्री हेमंत नंदगौरी, श्री अभिषेक बंजारे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शिविर के सफल आयोजन के लिए स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं। ग्राम पंचायत चोरभट्टी में आयोजित उद्घाटन समारोह में ग्राम पंचायत के उपसरपंच श्री श्रवण कुमार साहू द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना का ध्वजारोहण कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने शिविरार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में समाज के प्रति उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं सेवा भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समर्पण एवं अनुशासन के साथ ग्राम विकास तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विशेष शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवा शक्ति ही समाज के विकास और परिवर्तन की आधारशिला है। कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम के वरिष्ठ नागरिक श्री गोपाल रामपाल ने भी शिविरार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें सात दिवसीय शिविर में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने तथा समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देने के लिए प्रेरित किया। अंत में कार्यक्रम अधिकारी सुश्री रेणु पाटले ने सात दिवसीय विशेष शिविर के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों में श्रमदान, सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं व्यक्तित्व विकास की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, ग्रामवासियों एवं महाविद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।