" नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली एवं नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का दिया संदेश "
दिनांक: 12-10-2026
संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरूद में प्राचार्य डॉ राजकुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम अधिकारी सुश्री रेणु पाटले के नेतृत्व में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई 02 एवं रेड रिबन क्लब इकाई 02 के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम चर्रा में नशामुक्ति जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण के निर्माण हेतु प्रेरित करना था। अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के NSS स्वयंसेवकों द्वारा ग्राम में जागरूकता रैली निकाली गई। स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति से संबंधित नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इसके साथ ही स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों एवं समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में करें। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को स्वस्थ जीवन अपनाने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान अधिक संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।