" एन.एस.एस. एवं रेड रिबन क्लब इकाई 02 के उन्मुखीकरण कार्यक्रम का हुआ आयोजन "
दिनांक: 18-09-2026
कुरूद- संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कुरूद की एन.एस.एस. इकाई 02 एवं रेड रिबन क्लब इकाई 02 के संयुक्त तत्वावधान में प्राचार्य डॉ राजकुमार पाण्डेय के अध्यक्षता में एवं कार्यक्रम अधिकारी सुश्री रेणु पाटले के मार्गदर्शन में उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय नवीन महाविद्यालय कंडेल के एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी श्री पीतांबर सिन्हा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री पीतांबर सिन्हा ने कहा कि एन.एस.एस. केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज की विभिन्न समस्याओं को समझने, उनके समाधान में सक्रिय सहभागिता करने तथा निःस्वार्थ सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को एन.एस.एस. के माध्यम से प्राप्त होने वाले अनुभवों का अपने व्यक्तित्व एवं नेतृत्व क्षमता के विकास में उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय सेवा योजना की महत्ता एवं युवाओं की समाज निर्माण में भूमिका के विषय में विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने रेड रिबन क्लब के संबंध में जानकारी देते हुए इसके उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वयंसेवकों को एच.आई.वी. के प्रति जागरूकता, संक्रमण से बचाव, सही जानकारी का प्रसार तथा एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव एवं भ्रांतियों को दूर करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी सही एवं वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करें तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय योगदान दें। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।