" नवीन विधानसभा की दर्शक दीर्घा में उपस्थित होने वाला छत्तीसगढ़ का प्रथम महाविद्यालय "
दिनांक: 17-12-2025
कुरूद विधानसभा और उसकी युवा रक्त वाहिनियों में लोकतंत्र और अपनी विरासत के प्रति चेतना जागृत करने के उद्देश्य से कुरूद विधानसभा के विधायक, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता श्री अजय चंद्राकर जी द्वारा संत गुरु घासीदास शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरूद के लोक प्रशासन विभाग, राजनीति विज्ञान विभाग एवं समाजशास्त्र विभाग के छात्रों को छत्तीसगढ़ की नवीन विधानसभा, शहीद वीर नारायण सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं छ ग आदिवासी संग्रहालय नवा रायपुर की एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण यात्रा सम्पन्न करवाई गई। इस भ्रमण यात्रा की शुरुआत महाविद्यालय से 17 दिसंबर को की गई। इस भ्रमण यात्रा में एम.ए. राजनीति विज्ञान विभाग, एम.ए. समाजशास्त्र विभाग एवं एम. ए. लोक प्रशासन विभाग के प्राध्यापकों सहित छात्र-छात्राओं का 75 लोगों का दल सम्मिलित रहा । यात्रा का प्रथम विराम नवीन विधानसभा भवन, नवा रायपुर रहा। वहां पहुंचे छात्र- छात्राओं ने शून्यकाल में सदन में पेश किए गए स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा को सुना। स्थगन प्रस्ताव की तीखी बहस और विपक्ष के विधानसभा के वेल में प्रवेश करने तथा सदन से विपक्ष के सदस्यों की निलंबन की आवश्यक कार्यवाही को भी देखा। शून्यकाल के दौरान विधानसभा में अपने विधायक अजय चंद्राकर के तेज़, त्वरित और सटीक प्रतिउत्तर से विपक्ष को अकेले बैकफुट पर धकेलते दृश्य ने छात्रों को उत्साह एवं रोमांच से भर दिया। सदन की कार्यवाही के पश्चात राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. सरस्वती घृतलहरे, अतिथि व्याख्याता राजनीति विज्ञान की डॉ. खान एवं युगल किशोर चंद्राकर अतिथि व्याख्याता लोक प्रशासन ने सदन के अन्य भवनों, कक्षों एवं कार्य संचालन की जानकारी दी। विभागाध्यक्ष डॉ. सरस्वती ने बताया कि बतौर महाविद्यालय नवीन विधानसभा के सदन को देखने वाले हम सम्भवतः छत्तीसगढ़ के प्रथम संस्थान हैं। यात्रा का द्वितीय विराम नवा रायपुर स्थित जनजातीय विरासत एवं इतिहास को समर्पित शहीद वीर नारायण सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं छ. ग. आदिवासी संग्रहालय रहा। यहां छात्र छात्राओं को इतिहास एवं जनजातीय संस्कृति एवं विरासत का संग्रह देखने को मिला । संग्रहालय में भारतीय स्वतंत्रता का पूर्ण कालक्रम, छत्तीसगढ़ का इतिहास, मूर्ति कला, शिल्प कला, कृषि, वस्त्र, रहन सहन, जीविकोपार्जन के साधन, आखेट के शस्त्र आदि का विशाल संग्रह देखने को मिला । समाजशास्त्र विभाग के अतिथि व्याख्याता डॉ. किरण ठाकुर एवं श्री विघनेश्वर सिंह ने छात्र-छात्राओं को जनजातीय समाज, संस्कृति और सामाजिक क्रान्ति की क्रियाकलाप से अवगत करवाया। प्राचार्य डॉ. ए. के. मिश्रा ने के छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण को लाभकारी एवं आवश्यक शैक्षणिक गतिविधि के रूप में रेखांकित किया । उन्होंने विधायक महोदय को छात्र कल्याण एवं जागृति हेतु आभार व्यक्त किया एवं उन्होंने सांसद प्रतिनिधि श्री सूरज देवांगन जी, विधायक प्रतिनिधि श्री भोजराज चंद्राकर जी, जनभागीदारी सदस्य श्री खेमराज सिन्हा जी का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने प्राध्यापक दल में शामिल डॉ. सरस्वती घृतलहरे विभागाध्यक्ष, राजनीति विज्ञान एवं लोक प्रशासन विभाग, डॉ. एस. खान अतिथि व्याख्याता राजनीति विज्ञान, डॉ. किरण ठाकुर अतिथि व्याख्याता समाजशास्त्र , श्री विघनेश्वर सिंह अतिथि व्याख्याता समाजशास्त्र एवं श्री युगल किशोर चंद्राकर अतिथि व्याख्याता लोक प्रशासन को शैक्षणिक भ्रमण हेतु बधाई दी एवं ऐसे भ्रमण कार्यक्रमों के सतत् आयोजन को प्रोत्साहित किया ।